नॉन-स्टिक पैन रोजमर्रा की रसोई का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें कम तेल या बिना तेल के खाना बनाना आसान होता है। लेकिन समय के साथ पैन में जिद्दी तेल, ग्रीस और मसालों की परत जम जाती है, जिसे साफ करना कई बार मुश्किल हो जाता है।
नॉन-स्टिक पैन की सफाई के लिए बेकिंग सोडा और सिरका कैसे मदद करते हैं?
जिद्दी तेल और ग्रीस के दाग हटाने के लिए बेकिंग सोडा और सफेद सिरका सबसे असरदार घरेलू उपाय माने जाते हैं। इसके लिए पैन में एक कप पानी और दो चम्मच सफेद सिरका डालकर इसे उबालें। उबालने के बाद पानी निकाल कर पैन को थोड़ा ठंडा करें। फिर एक चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बनाएं और इसे पैन के दागों पर लगाएं। कुछ मिनट के बाद मुलायम स्पंज से हल्के हाथों से पैन को साफ करें।
क्या नींबू और गर्म पानी से पैन के ग्रीस के दाग साफ हो सकते हैं?
नींबू में प्राकृतिक एसिड होता है जो तेल और चिकनाई को तोड़ने में मदद करता है। इसके लिए पैन में पानी भरकर उसमें एक नींबू के टुकड़े डालें और पानी को अच्छी तरह उबालें। गैस बंद कर पानी को पैन में 15 से 20 मिनट तक छोड़ दें। इससे जमी हुई चिकनाई ढीली पड़ जाएगी। इसके बाद डिशवॉश जेल और स्पंज से पैन को साफ करें।
लिक्विड डिश सोप और गर्म पानी से सफाई कैसे करें?
कई बार सादे पानी से पैन की चिकनाई पूरी तरह नहीं हटती। ऐसे में नॉन-स्टिक पैन को गर्म पानी से भिगोना जरूरी होता है। पैन में गर्म पानी भरकर उसमें कुछ बूंदें लिक्विड डिश सोप की डालें और अच्छी तरह मिलाएं। इसे आधे से एक घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। पानी ठंडा होने पर मुलायम स्पंज से पैन के अंदर और बाहर की सफाई करें, जिससे ग्रीस आसानी से निकल जाएगा।
स्रोत: indiatv.in





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।