सरकारी कंपनी Oil and Natural Gas Corporation (ONGC) ने अप्रेंटिस पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 29 अक्टूबर 2026 से शुरू कर दी है। कुल 3047 पदों के लिए आवेदन 20 नवंबर 2026 तक किए जा सकते हैं। इस भर्ती में 10वीं पास, ITI, डिप्लोमा और ग्रेजुएट उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
3047 अप्रेंटिस पदों के लिए भर्ती
यह भर्ती अप्रेंटिस एक्ट 1961 के तहत हो रही है और देश के विभिन्न केंद्रों जैसे देहरादून, दिल्ली, जोधपुर, गोवा, हजीरा, मुंबई, उरण और पनवेल में अप्रेंटिस के पद भरे जाएंगे। ध्यान रहे कि यह ट्रेनिंग प्रोग्राम है, नियमित सरकारी नौकरी नहीं। भर्ती विज्ञापन संख्या ONGC/APPR/1/2026 है।
आवेदन के लिए योग्यता और उम्र सीमा
इस भर्ती में 10वीं पास से लेकर ITI, डिप्लोमा और ग्रेजुएट उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। हर ट्रेड के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित है, इसलिए आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर देखें।
उम्मीदवार की उम्र 29 नवंबर 2026 को 18 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। SC/ST वर्ग को 5 साल, OBC वर्ग को 3 साल की आयु सीमा में छूट मिलेगी। दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 से 15 साल तक की छूट दी जाएगी। साथ ही उम्मीदवार का संबंधित जिले का निवासी होना या वहां से पढ़ाई करना अनिवार्य है।
स्टाइपेंड और ट्रेनिंग अवधि
चयनित अप्रेंटिस को ट्रेड और योग्यता के अनुसार 8,200 से 12,300 रुपये तक मासिक स्टाइपेंड मिलेगा। ट्रेनिंग की अवधि सभी ट्रेड के लिए 12 महीने होगी। पहले अप्रेंटिसशिप कर चुके या एक साल से अधिक काम का अनुभव रखने वाले उम्मीदवार आवेदन नहीं कर सकते।
चयन प्रक्रिया
इस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। मेरिट लिस्ट उम्मीदवारों के शैक्षणिक अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद चयनित उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान होंगे, तो उम्र के हिसाब से अधिक उम्र वाले को वरीयता दी जाएगी। भर्ती परिणाम 15 दिसंबर 2026 को घोषित किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें
इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। NAPS ट्रेड के लिए apprenticeshipindia.gov.in और NATS ट्रेड के लिए nats.education.gov.in पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। आवेदन के समय जन्मतिथि प्रमाण, शैक्षणिक मार्कशीट, डिग्री या ITI प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), दिव्यांगता प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) और पहचान पत्र तैयार रखें।
स्रोत: tv9hindi.com





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।