नीमच पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के कब्जे से तमाम बैंक कार्ड, पासबुक, लैपटॉप और नकदी जब्त की गई है।
ठगी का मामला और पुलिस की जांच
मध्यप्रदेश के नीमच में साइबर ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। नीमच सिटी पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के बहाने फर्जी बैंक खातों के जरिए लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 62 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड, 8 बैंक पासबुक, 2 लैपटॉप और 51,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पीड़ित की शिकायत से खुला मामला
यह कार्रवाई एसपी राजेश व्यास के निर्देश पर हुई। पुलिस को यह सफलता तब मिली जब एक पीड़ित ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि उसे 3 से 6 महीने में पैसे दोगुने करने का झांसा दिया गया था, जिसके बाद उसने विश्वास कर ठगों को 60,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। पुलिस ने शिकायत के बाद जांच शुरू की और साइबर ठगी के स्पष्ट सुराग मिले।
पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से महू रोड पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों के नाम निखिल कुमावत, जसवंत कुमावत, दीपक मेघवाल (तीन निवासी कचोली, जीरन) और अल्केश पंवार (निवासी महू रोड, नीमच) हैं।
आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मासूम लोगों को निवेश योजनाओं का झांसा देकर फर्जी खातों में पैसे जमा कराते थे। उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 319(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(B) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से अन्य जानकारियां जुटाने में भी लगी हुई है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।