बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में पुलिस ने जाली नोटों के व्यापार को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। यहां से 4.95 लाख रुपये के नकली नोट बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस जाली नोट नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
मोतिहारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तस्कर की गिरफ्तारी
मोतिहारी एसडीपीओ 1 दिलीप कुमार के नेतृत्व में रक्सौल-मोतिहारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेमरा स्टेशन के पास गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देख भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा।
तलाशी में बरामद हुए 4.95 लाख रुपये के नकली नोट
पकड़े गए व्यक्ति के पास से पुलिस ने 4.95 लाख रुपये के भारतीय जाली नोट बरामद किए। आरोपी की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र के जनेरवा गांव निवासी शेख अय्युल (पिता शेख मजीर) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, फरार दूसरे तस्कर की खोज जारी है।
जाली नोटों के 10 बंडल बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से भारतीय जाली नोटों के 10 बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल राशि 4,95,000 रुपये बताई गई है। मोतिहारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर 01 दिलीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ जारी है, जिससे बड़े जाली नोट नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। पुलिस ने जाली नोटों और संबंधित साक्ष्यों को जब्त कर लिया है और अन्य फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।