दिवाली के अवसर पर मेहमानों का स्वागत करने के लिए मसाला मठरी एक बेहतरीन विकल्प है। यह पारंपरिक और स्वादिष्ट स्नैक चाय के साथ परोसा जाता है, जिससे त्योहार की खुशियां दोगुनी हो जाती हैं। यहां मसाला मठरी बनाने की पूरी विधि दी गई है।
मसाला मठरी की सामग्री
- मैदा: 2 कप
- सूजी: 2 बड़े चम्मच
- अजवाइन: 1 छोटा चम्मच
- कसूरी मेथी: 1 बड़ा चम्मच
- काली मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच (दरदरी पिसी हुई)
- सौंफ पाउडर: 1 छोटा चम्मच
- जीरा: आधा छोटा चम्मच
- हींग: दो चुटकी
- लाल मिर्च पाउडर या कुटी हुई लाल मिर्च: 1 छोटा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- मोयन (तेल या पिघला हुआ घी): 4-5 बड़े चम्मच
- तेल: मठरी तलने के लिए
मसाला मठरी बनाने की विधि
सबसे पहले मैदा और सूजी को छान लें। फिर इसमें अजवाइन, कसूरी मेथी, काली मिर्च पाउडर, सौंफ पाउडर, जीरा, हींग, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
अब इस मिश्रण में 4-5 बड़े चम्मच तेल या पिघला हुआ घी डालकर हाथों से अच्छी तरह मिलाएं। जब आटा मुट्ठी बांधने पर बंधने लगे, तो मोयन सही मात्रा में है। इससे मठरी खस्ता बनती है।
इसके बाद थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए आटे को थोड़ा सख्त गूंथ लें। आटा ज्यादा मुलायम नहीं होना चाहिए। फिर इसे गीले कपड़े से ढककर 15-20 मिनट के लिए रख दें।
समय पूरा होने पर आटे को हल्का सा मसलें और छोटी-छोटी लोइयां बना लें। प्रत्येक लोई को हथेली से चपटा करके हल्का बेल लें। आप बड़ी रोटी बेलकर कुकी कटर या ढक्कन से भी मठरियां काट सकते हैं।
तलने से पहले मठरियों पर कांटे या टूथपिक से छेद करें ताकि वे फूले नहीं।
मठरी तलने की प्रक्रिया
एक कढ़ाई में मध्यम आंच पर तेल गर्म करें। तेल ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए। तेल गर्म होने पर एक-एक करके मठरियां डालें। दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक धीमी से मध्यम आंच पर तलें।
तली हुई मसाला मठरियां एयरटाइट डिब्बे में भरकर सुरक्षित रखें। दिवाली के दिन इन्हें गरमा-गरम कड़क चाय के साथ परोसें।
स्रोत: indiatv.in





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।