अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप ने ट्विटर पर बताया है कि रूस और यूक्रेन के बीच एक सीमित इलाके में युद्धविराम शुरू हो गया है। यह युद्धविराम यूक्रेन के दक्षिणी खेरसॉन क्षेत्र के रूसी कब्जे वाले ओलेश्की शहर के आसपास लागू किया गया है। बाकी इलाकों में लड़ाई जारी है।
सीजफायर की शुरुआत और विस्तार
मेलानिया ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि युद्धविराम 27 अक्टूबर, 2026 को मॉस्को समयानुसार सुबह 4 बजे से लागू हो गया। उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा और मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए इसे तय समय से दो दिन पहले ही लागू कर दिया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि मानवीय सहायता काफिलों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए युद्धविराम का दायरा खेरसॉन क्षेत्र में ओलेश्की से आगे तक बढ़ा दिया गया है।
इस बात की पुष्टि रूसी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के संयुक्त प्रमुख जनरल वालेरी गेरासिमोव ने भी की है।
पूरा युद्धविराम नहीं, बाकी जगह संघर्ष जारी
रूस और यूक्रेन के बीच यह युद्धविराम केवल एक सीमित इलाके तक ही सीमित है। पूरे क्षेत्र में अभी भी लड़ाई जारी है। उदाहरण के लिए, कीव पर रूसी मिसाइल हमले जारी हैं। इसलिए अभी यह कहना सही नहीं होगा कि दोनों देशों के बीच पूरी तरह से युद्धविराम हो गया है।
मेलानिया ट्रंप की मीडिएटर भूमिका
मेलानिया ट्रंप ने इस युद्धविराम को संभव बनाने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई है। ओलेश्की शहर में कई लोग फंसे हुए थे, जहां खाने, दवा और पानी की कमी हो रही थी और इलाके में बारूद पड़ा था। इस स्थिति को देखते हुए मेलानिया ने रूस और यूक्रेन दोनों पक्षों से बातचीत की और उनसे इस इलाके में कुछ समय के लिए युद्धविराम करने का आग्रह किया ताकि मानवीय सहायता पहुंचाई जा सके।
उनके प्रयासों से इस इलाके में जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री और दवाइयां पहुंच सकेंगी और जो लोग बाहर निकलना चाहते हैं, वे सुरक्षित निकल सकेंगे।
मेलानिया ट्रंप की सराहना
जहां डोनाल्ड ट्रंप के कई प्रयासों के बावजूद रूस-यूक्रेन के बीच व्यापक युद्धविराम नहीं हो पाया है और संघर्ष जारी है, वहीं मेलानिया ट्रंप ने एक सीमित क्षेत्र में युद्धविराम करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इससे पहले भी उन्होंने मानवीय सहायता के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनकी लोगों ने प्रशंसा की है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।