उत्तर प्रदेश के मेरठ में नौचंदी थाना पुलिस ने फरार वारंटी अभियुक्त अरशद उर्फ जोजो को सोमवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की और भागने का प्रयास किया, जिसमें वह गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
फरार वारंटी अरशद की नौचंदी थाने से भागने की घटना
पुलिस के अनुसार, अरशद उर्फ जोजो पुत्र शाकिर, निवासी गली नंबर-7, ढवाई नगर, थाना नौचंदी, मेरठ चोरी के मामले में वारंटी था। वह नौचंदी थाने में पुलिस अभिरक्षा में था लेकिन 2 नवंबर की सुबह हथकड़ी निकाल कर थाने से फरार हो गया था। इस घटना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था और उसकी तलाश के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तीन पुलिस टीमें बनाई गई थीं।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई गिरफ्तारी
सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि अरशद नौचंदी ग्राउंड में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। भागते समय गिरने से उसके हाथ में चोट लगी। पुलिस ने उसे अशोक की लाट के पास नौचंदी ग्राउंड से गिरफ्तार कर लिया और उसका उपचार कराया।
अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
तलाशी में उसके पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के मामले में नौचंदी थाने में मुकदमा दर्ज किया है। अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जाएगा और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मेरठ से हिमा अग्रवाल की रिपोर्ट
स्रोत: indiatv.in





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।