दिवाली के त्योहार पर मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। लेकिन बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में मिलावट की संभावना रहती है। ऐसे में आप घर पर ही स्वादिष्ट और शुद्ध मूंग दाल बर्फी बनाकर त्योहार का आनंद ले सकते हैं। इस लेख में मूंग दाल बर्फी बनाने की आसान रेसिपी दी गई है।
मूंग दाल बर्फी बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
- छिलके वाली मूंग दाल: 1 कप
- देसी घी: 3/4 कप
- चीनी: 1 कप
- पानी: आधा कप
- मावा: आधा कप
- इलायची पाउडर: 1 छोटा चम्मच
- ड्राई फ्रूट्स: बादाम और पिस्ता कतरन
बर्फी बनाने की विधि
सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर 2-3 घंटे के लिए भिगो दें। भीगी हुई दाल का पानी छानकर इसे मिक्सी में दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि दाल का पेस्ट बिलकुल बारीक न हो, हल्का दरदरा ही हो। इससे बर्फी में अच्छा टेक्सचर आएगा।
अब एक भारी तले वाली कड़ाही में देसी घी गर्म करें। इसमें पीसी हुई मूंग दाल डालकर मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। शुरुआत में दाल घी सोख लेगी, पर धीरे-धीरे घी छोड़ने लगेगी और रंग सुनहरा भूरा हो जाएगा। इस प्रक्रिया में लगभग 20 से 25 मिनट लगेंगे।
दूसरे पैन में चीनी और पानी मिलाकर उबाल लें। इसे तब तक पकाएं जब तक चीनी पूरी तरह घुलकर एक तार की चाशनी बन न जाए। इसमें इलायची पाउडर डालकर मिलाएं।
भुनी हुई दाल में मावा डालकर 2 मिनट तक भूनें। फिर तैयार चाशनी को धीरे-धीरे डालकर लगातार चलाते रहें ताकि मिश्रण में गांठें न बनें। इसे तब तक पकाएं जब तक मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगे और एक साथ जमा हो जाए।
एक थाली या ट्रे में घी लगाकर चिकना कर लें। तैयार मिश्रण को इसमें समान रूप से फैलाएं। ऊपर से बादाम-पिस्ता की कतरन डालकर हल्का दबाएं। इसे 2-3 घंटे के लिए ठंडा और सैट होने के लिए रखें। इसके बाद मनपसंद आकार में काटकर परोसें।
यह मूंग दाल बर्फी स्वाद में हलवाई जैसी होती है और बनाना भी आसान है। दिवाली के मौके पर यह मिठाई आपके मेहमानों को जरूर पसंद आएगी।
स्रोत: indiatv.in





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।