भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार शाम सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। 98 वर्षीय आडवाणी को शाम लगभग 7:30 बजे अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें पल्मोनरी संक्रमण के कारण भर्ती किया गया है। उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।
आडवाणी का स्वास्थ्य और उपचार
डॉक्टरों की टीम लगातार लालकृष्ण आडवाणी की सेहत पर नजर बनाए हुए है। उन्हें फेफड़ों और श्वसन तंत्र से संबंधित समस्या के चलते अस्पताल में रखा गया है, लेकिन फिलहाल किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
पूर्व में भी अपोलो अस्पताल में इलाज
आडवाणी समय-समय पर अपोलो अस्पताल के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनित सूरी से परामर्श लेते रहे हैं। वे नियमित जांच और स्वास्थ्य सलाह के लिए अस्पताल जाते रहे हैं। मई में भी उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उन्हें इसी अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।
प्रधानमंत्री मोदी से हालिया मुलाकात
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सात अक्टूबर को लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी। यह मुलाकात मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हुई थी, जिसमें उन्होंने आडवाणी का आशीर्वाद लिया था।
स्रोत: jansandeshtimes.in





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।