मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के लिए रोजगार और स्टार्टअप को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की युवाशक्ति अपनी प्रतिभा और परिश्रम से नए अवसर बना रही है और प्रदेश विकास में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
नवाचार और उद्यमिता की नई सोच
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवाचार की नई सोच और उद्यमिता का साहस उत्तर प्रदेश की युवाशक्ति की पहचान है। वे अपनी प्रतिभा और मेहनत से संभावनाओं को उपलब्धियों में बदल रही है। इसी ऊर्जावान युवाशक्ति के सम्मान में आज लखनऊ में आयोजित "टीओआई यूथ आइकॉन्स समिट एवं अवार्ड्स 2026" में वे हिस्सा लेंगे।
2017 से पहले युवाओं का भविष्य था अंधकारमय
सीएम ने बताया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के युवाओं को अवसरों की कमी के कारण पलायन करना पड़ता था। भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अव्यवस्था के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय था। प्रतिभा भले ही थी, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर और प्रोत्साहन नहीं मिल पाता था।
डबल इंजन सरकार ने बनाए नए अवसर
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 2017 के बाद डबल इंजन सरकार ने कार्य-संस्कृति में बदलाव किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार ने पारदर्शी भर्ती, कौशल विकास, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा दिया। इससे युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हुए हैं। उत्तर प्रदेश की युवाशक्ति अब न केवल रोजगार की चाह रखने वाली है, बल्कि रोजगार सृजन में भी अपनी भूमिका निभा रही है, जो "विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत" के संकल्प को साकार कर रहा है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।