गोवर्धन पूजा का पावन पर्व हर साल दिवाली के बाद मनाया जाता है, और इस वर्ष यह 10 नवंबर 2026 को पड़ रहा है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गौमाता की पूजा का विशेष विधान होता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, यह पूजा भगवान श्रीकृष्ण की उस लीला से जुड़ी है जब उन्होंने ब्रजवासियों को इंद्रदेव के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत अपनी उंगली पर उठा लिया था।
गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त 2026
पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को गोवर्धन पूजा मनाई जाती है। इस वर्ष पूजा की तिथि और शुभ मुहूर्त इस प्रकार हैं:
- प्रतिपदा तिथि प्रारंभ: 9 नवंबर 2026 दोपहर 12:31 बजे से
- प्रतिपदा तिथि समाप्त: 10 नवंबर 2026 दोपहर 2:00 बजे तक
- प्रातःकाल पूजा मुहूर्त: सुबह 06:40 बजे से 08:50 बजे तक
- गोधूलि मुहूर्त: शाम 05:30 बजे से 05:56 बजे तक
- अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:43 बजे से दोपहर 12:26 बजे तक
गोवर्धन पूजा की पौराणिक कथा
द्वापर युग की यह कथा बताती है कि ब्रजवासियों ने वर्षा देवता इंद्र की पूजा किया करती थी। एक बार बालकृष्ण ने अपने पिता नंद बाबा से पूछा कि वे इंद्र की पूजा क्यों करते हैं। नंद बाबा ने कहा कि इंद्रदेव वर्षा करते हैं जिससे फसल होती है और अन्न मिलता है।
भगवान श्रीकृष्ण ने कहा कि गोवर्धन पर्वत हमारे लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है क्योंकि वहां हमारी गायें चरती हैं और उन्हें चारा व पानी मिलता है। उन्होंने ब्रजवासियों को गोवर्धन की पूजा करने और अन्नकूट का भोग लगाने को कहा।
जब ब्रजवासी गोवर्धन पूजा में लगे हुए थे तो इंद्रदेव क्रोधित हो गए और उन्होंने भयंकर बारिश और तूफान भेजा। इससे ब्रजवासियों की मुश्किल बढ़ गई। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सभी ब्रजवासी और पशु पर्वत के नीचे सुरक्षित हो गए।
भगवान श्रीकृष्ण ने सात दिन और सात रात तक गोवर्धन पर्वत अपनी उंगली पर उठाए रखा। इंद्रदेव की लगातार बारिश के बावजूद ब्रजवासियों को कोई नुकसान नहीं हुआ। अंत में इंद्रदेव ने अपनी गलती स्वीकार कर भगवान श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी और श्रीकृष्ण ने पर्वत को नीचे रखा। तब से गोवर्धन पूजा और अन्नकूट पर्व की परंपरा शुरू हुई।
गोवर्धन पूजा पर 56 भोग क्यों लगाए जाते हैं?
धार्मिक मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण दिन में आठ पहर भोजन करते थे, लेकिन जब उन्होंने सात दिन तक गोवर्धन पर्वत उठाए रखा तब वे भोजन नहीं कर पाए। संकट दूर होने पर ब्रजवासियों ने आठ पहर के हिसाब से सात दिनों के कुल 56 प्रकार के पकवान भगवान को अर्पित किए। इसीलिए गोवर्धन पूजा पर 56 भोग और अन्नकूट का प्रसाद चढ़ाने की प्रथा चली आ रही है।
Disclaimer: यह जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है। इसकी पुष्टि टीवी9 भारतवर्ष नहीं करता।
स्रोत: tv9hindi.com





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।