सर्दियों के मौसम में सुबह के नाश्ते के लिए गरमा-गरम गोभी-प्याज के पराठे बनाना हर किसी को पसंद आता है। लेकिन अक्सर लोग बताते हैं कि बेलते समय पराठे फट जाते हैं या उनकी स्टफिंग बाहर आ जाती है। अगर आप भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं, तो यह आसान रेसिपी और खास टिप्स आपके लिए मददगार साबित होंगे। इससे पराठे बाजार जैसे फूले-फूले और स्वादिष्ट बनेंगे।
गोभी-प्याज के पराठे की सामग्री क्या है?
- गेहूं का आटा: 2 कप
- नमक: आधा छोटा चम्मच
- अजवाइन: आधा छोटा चम्मच
- घी या तेल: 1 चम्मच (मोयन के लिए)
- गुनगुना पानी: आटा गूंथने के लिए
- स्टफिंग के लिए:
- फूलगोभी: 1 मध्यम आकार की (कद्दूकस की हुई)
- प्याज: 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च: 2-3 (बारीक कटी हुई)
- अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- लाल मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर: 1 छोटा चम्मच
- गरम मसाला: आधा छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर या चाट मसाला: आधा छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर: एक चौथाई चम्मच
- हींग: एक चुटकी
- नमक: स्वादानुसार
- तेल या घी: पराठे सेकने के लिए
गोभी-प्याज की स्टफिंग कैसे तैयार करें?
सबसे पहले फूलगोभी को धोकर कद्दूकस कर लें। फिर इसमें थोड़ा नमक मिलाकर 10 मिनट रखें ताकि उसका पानी निकल जाए। इसके बाद इसे अच्छी तरह निचोड़ लें ताकि स्टफिंग गीली न हो और पराठे फटें नहीं। अब एक कटोरी में निचोड़ी हुई गोभी, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरा धनिया मिलाएं। इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर, हींग और स्वादानुसार नमक डालकर हल्के हाथों से अच्छी तरह मिक्स करें।
पराठा बेलने और सेकने की सही विधि क्या है?
गेहूं के आटे में नमक, अजवाइन और 1 चम्मच घी डालकर गुनगुना पानी मिलाते हुए नरम आटा गूंथ लें। इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें। फिर आटे की बराबर लोइयां बनाएं। एक लोई को सूखे आटे में लपेटकर थोड़ा बेलें। बीच में 2-3 चम्मच स्टफिंग रखें और किनारों को ऊपर उठाकर पोटली की तरह बंद कर दें। अतिरिक्त आटा हटा दें या चिपका दें। अब इसे सूखे आटे में लपेटकर हल्के हाथों से बेलें। बेलते समय ज्यादा दबाव न दें, बीच से किनारों की ओर धीरे बेलें।
तवा मध्यम आंच पर गर्म करें और पराठा डालें। जब एक तरफ हल्का सिक जाए तो पलट दें और घी या तेल लगाएं। दूसरी तरफ भी घी/तेल लगाकर करछी से हल्का दबाते हुए सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेक लें। पराठे को धनिया-पुदीने की चटनी या चाय के साथ परोसें।
स्रोत: indiatv.in





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।