बिहार के छपरा में 20 नवंबर को होने वाली शादी से पहले एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक सीवान जिले के चैनपुर का रहने वाला था और रूस से लौटकर शादी की तैयारियों में लगा था। हादसा रिविलगंज के मुकरेरा और उमधा के बीच पुल पर हुआ।
युवक ने शेरवानी पहनकर मॉल में खरीदी थी
युवक जीविका के लिए रूस में रहता था। शादी के लिए छुट्टी लेकर घर आया था। छपरा के कोपा स्थित एक मॉल से उसने अपनी शादी के लिए शेरवानी खरीदी और उसे पहनकर उत्साह से एक तस्वीर खिंचवाई। इसके बाद वह अपनी मौसी से मिलने और शादी का निमंत्रण देने के लिए निकला था।
27 मिनट पहले खिंचवाई गई तस्वीर बनी आखिरी याद
रास्ते में रिविलगंज के मुकरेरा और उमधा के बीच पुल पर उसकी गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुखद यह है कि यह तस्वीर उसने हादसे से मात्र 27 मिनट पहले खिंचवाई थी, जिसमें उसकी शेरवानी और चेहरे पर खुशियों की झलक साफ दिखाई दे रही थी।
शादी की खुशियों से मातम तक का सफर
युवक की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। जहां कुछ दिन बाद शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब शोक का माहौल है। परिजन उस बेटे को दुल्हन लेने घोड़े पर चढ़कर जाना चाहते थे, लेकिन अब उसकी अर्थी उठने से पूरा परिवार सदमे में है। यह शेरवानी और आखिरी तस्वीर परिवार के लिए गहरे दुख का सबब बन गई है।
स्रोत: tv9hindi.com





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।