रावलपिंडी में 9 नवंबर से शुरू होने वाले पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट मैच में बाबर आजम के लिए एक बड़ा मौका है। वह न केवल टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने पर ध्यान देंगे, बल्कि पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज जावेद मियांदाद का रन रिकॉर्ड तोड़ने के करीब भी हैं।
अगर बाबर आजम इस मैच में 103 रन बना लेते हैं तो वह इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट मिलाकर पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच जाएंगे। अभी जावेद मियांदाद 16213 रन के साथ चौथे नंबर पर हैं, जबकि बाबर 16111 रन के साथ उनके बिल्कुल पीछे हैं। इस टेस्ट सीरीज में बाबर के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने का बड़ा मौका है।
पाकिस्तान के टॉप रन बनाने वाले बल्लेबाज
- इंजमाम-उल-हक - 20541 रन
- यूनिस खान - 17790 रन
- मोहम्मद यूसुफ - 17134 रन
- जावेद मियांदाद - 16213 रन
- बाबर आजम - 16111 रन
बाबर आजम ने 16 हजार रन पूरे किए
पिछले महीने बाबर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 हजार रन पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले पाकिस्तान के पांचवें बल्लेबाज बने। यह मुकाम उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी में खेले गए ट्राई सीरीज मुकाबले में 57 गेंदों पर 45 रन बनाकर हासिल किया था। बाबर ने यह उपलब्धि अपने 399वें अंतरराष्ट्रीय पारी में पूरी की। इस मामले में मोहम्मद यूसुफ (388) और जावेद मियांदाद (398) ने उनसे कम पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
बाबर आजम का तीनों फॉर्मेट में प्रदर्शन
बाबर आजम ने 2015 में इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण किया। अब तक वह 66 टेस्ट, 144 वनडे और 145 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में बाबर के नाम 4771 रन हैं, जिसमें 9 शतक और 34 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 196 रन है। वनडे में उन्होंने 144 मैचों में 6671 रन बनाए हैं, जिसमें 20 शतक और 38 अर्धशतक शामिल हैं। टी20 इंटरनेशनल में बाबर 4596 रन के साथ पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस फॉर्मेट में उन्होंने 3 शतक और 39 अर्धशतक लगाए हैं।
स्रोत: indiatv.in





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।